तारकेश्वर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक संतु पाल ने मध्यरात्रि में भी अपने कर्तव्य के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एक बार फिर जनता के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। देर रात पार्टी के एक बीमार कार्यकर्ता की सहायता कर उन्होंने मानवीय संवेदना का उदाहरण प्रस्तुत किया।
सूचना के अनुसार शुक्रवार देर रात तारकेश्वर क्षेत्र के एक भाजपा कार्यकर्ता की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मरीज को कोलकाता रेफर करने की सलाह दी।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक संतु पाल स्वयं कोलकाता स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और मरीज को भर्ती कराने की पूरी व्यवस्था करवाई। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से मिलकर कार्यकर्ता की स्थिति की जानकारी भी ली।
विधायक की इस त्वरित और मानवीय पहल से न केवल पार्टी कार्यकर्ता बल्कि स्थानीय लोग भी काफी प्रभावित हुए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद भी संतु पाल लगातार जनता के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पार्टी कार्यकर्ता अभिजीत ने बताया कि देर रात सूचना मिलने के बावजूद विधायक स्वयं अस्पताल पहुंचे और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई, जिसके लिए सभी उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि आम लोगों के अपने जैसे ही हैं।











