भीलवाड़ा जिले के मांडल चौराहे पर शुक्रवार तड़के नेशनल हाईवे-48 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने जीआरपी जवानों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ ले जाए जा रहे चोरी के आरोपित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
सूचना के अनुसार चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट, जो भीलवाड़ा में पदस्थापित थे, बाइक चोरी के एक आरोपित छोटू भील को मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि विभाग के पास बड़ा वाहन उपलब्ध न होने के कारण आरोपित को बाइक से ही ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान मांडल चौराहे के पास पुलिया के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आरोपित को तत्काल मांडल उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
इस दर्दनाक घटना ने पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया है। ड्यूटी के दौरान दो जवानों की मौत से जीआरपी और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।
















