सागर, 12 जून।
जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने दफ्तर के अंदर ही अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में कंपनी के ब्रांच मैनेजर भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राहतगढ़ निवासी युवक ने महिंद्रा फाइनेंस कंपनी से कार लोन पर ली थी, जिसमें दो किस्तें बकाया थीं। बकाया भुगतान न होने पर कंपनी द्वारा वाहन को जब्त किए जाने के बाद युवक सेटलमेंट और वाहन वापसी को लेकर कार्यालय पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यालय में बातचीत के दौरान युवक और कर्मचारियों के बीच बहस बढ़ गई। इसी दौरान उसने अपने साथ लाई बोतल से पेट्रोल उड़ेल लिया और माचिस जला ली, जिससे वह कुछ ही सेकंड में आग की लपटों से घिर गया। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान ब्रांच मैनेजर भी झुलस गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और दोनों घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद गंभीर है और उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस चुका है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि ब्रांच मैनेजर का उपचार जारी है।
घायल युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और लगातार रिकवरी को लेकर परेशान किया जा रहा था। परिजनों का यह भी दावा है कि बकाया राशि पहले ही जमा कर दी गई थी, फिर भी विवाद की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













