अपराध
10 Jun, 2026

दूध-कुरकुरे पैकेट में छिपाकर पहुंचती थी हेरोइन, शिमला में 1.2 करोड़ के ड्रग नेटवर्क का खुलासा

शिमला में पुलिस ने दूध और कुरकुरे के पैकेटों में छिपाकर हेरोइन सप्लाई करने वाले एक बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा किया है।

शिमला, 10 जून।

शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है, जिसमें हेरोइन की सप्लाई को दूध और कुरकुरे के खाली पैकेटों में छिपाकर पहुंचाया जाता था।

पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है, और जांच में पिछले तीन महीनों में करीब 1.2 करोड़ रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं।

मामला थाना बालूगंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें 24 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति से 6.70 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ने पर बिहार के भोजपुर निवासी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिनसे पूछताछ और बैंक लेन-देन की जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच के अनुसार 5 जून को मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी रवि अहिरवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया, जो पिछले वर्ष से मोहाली में रह रहा था। उस पर आरोप है कि वह हिमाचल प्रदेश तक नशे की खेप पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाता था।

जांच में सामने आया कि आरोपी शिमला के आईएसबीटी टुटीकंडी और आसपास के क्षेत्रों में हेरोइन को दूध और कुरकुरे जैसे पैकेटों में छिपाकर रखता था और फिर उन स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग बनाकर नेटवर्क के संचालकों को भेजता था।

पुलिस के अनुसार भुगतान की पुष्टि के बाद लोकेशन ग्राहकों को साझा की जाती थी और आरोपी इस काम के बदले कमीशन प्राप्त करता था। वह पिछले एक वर्ष में लगभग 50 बार शिमला आ चुका था, जिसकी पुष्टि मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों और वीडियो रिकॉर्डिंग से हुई है।

एसएसपी शिमला ने बताया कि पुलिस का ध्यान अब केवल नशा बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को खत्म करने पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में जहां लगभग एक किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई थी, वहीं वर्ष 2026 में अब तक लगभग दो किलोग्राम बरामद की जा चुकी है। इसी दौरान 48 लोगों को बैकवर्ड लिंकज के आधार पर गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई ड्रग नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़