नई दिल्ली, 10 जून।
शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रोजी खातून (20) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पति ने महिला को फंदे से उतारकर तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, वहीं मामले की जांच स्थानीय पुलिस के साथ-साथ क्षेत्रीय एसडीएम भी कर रहे हैं।
मृतका की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था और छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रोजी की शादी इसी वर्ष 30 मार्च को गांधी नगर निवासी अंसार अली से हुई थी, जो मूल रूप से बिहार के कटिहार के रहने वाले हैं और दिल्ली में एक कंपनी में कार्यरत हैं।
बताया गया कि पति एक माह पहले ही पत्नी को लेकर बिहार से दिल्ली आया था। चार जून को जब वह काम से घर लौटा तो उसने पत्नी को फंदे पर लटका पाया, जिसके बाद वह उसे अस्पताल ले गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और बिहार में परिजनों को सूचना दी गई। बाद में परिजनों के दिल्ली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।









