सीवान, 03 अप्रैल।
शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरक पहल के रूप में उभरते आइडियल 40 निःशुल्क शिक्षा केंद्र ने बिहार बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर एक मिसाल कायम की है। आईपीएस अधिकारी विकास वैभव की मुहिम “लेट्स इंस्पायर बिहार” के तहत संचालित इस केंद्र में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं ने जिले का नाम रोशन किया है।
चित्रगुप्त मंदिर परिसर में संचालित इस केंद्र की खासियत यह है कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को दो वर्षों तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों को आध्यात्मिक शिक्षा, योग और ध्यान का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो।
इस वर्ष आइडियल 40 की छात्रा मुस्कान कुमारी ने 91.4 प्रतिशत अंक लेकर टॉप किया। वहीं आमना खातून 90.4 प्रतिशत, सोनू कुमार 90 प्रतिशत, सुनीता कुमारी 90 प्रतिशत, अफसरी परवीन 89.2 प्रतिशत और प्रीति कुमारी 89 प्रतिशत अंक लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अन्य विद्यार्थियों ने भी 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
इस अवसर पर संस्थापक डॉ. रजनीश वर्मा ने सभी सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “संसाधनों की कमी प्रतिभा के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती, सही मार्गदर्शन और अवसर ही सफलता की कुंजी हैं।”
कार्यक्रम में शिक्षक प्रो. रविन्द्र पाठक, सुनील तिवारी, अरुण कुमार, राजेश कुमार, संतोष कुमार, अनिल कुमार पाण्डेय के साथ वरीय अधिवक्ता अवधेश श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र वर्मा, भारत भूषण पाण्डेय, राकेश सिन्हा, रवि प्रकाश श्रीवास्तव और जितेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आइडियल 40 की इस सफलता ने साबित कर दिया कि सही दिशा, मार्गदर्शन और समर्पण के साथ गरीब से गरीब छात्र भी ऊँचाइयों को छू सकते हैं।











