महोबा, 01 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में आपसी रंजिश के चलते खेत पर काम कर रहे एक युवक पर दबंगों ने गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद उसकी हालत नाजुक हो गई, और उसे तत्काल जिला अस्पताल से झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना कबरई थाना क्षेत्र के रैवारा गांव की है, जहां 24 वर्षीय अरुण पुत्र बलवीर अपने खेत पर काम कर रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर आए दबंगों ने गाली गलौच करना शुरू कर दिया, और जब युवक ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसे तमंचे से गोली मार दी। गोली अरुण के हाथ में लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अरुण के चाचा रमाकांत ने बताया कि सात बाइकों पर करीब 12 लोग आए थे, जिनमें से सुमित और सुभाष तमंचा लेकर आए थे। सुमित ने ही अरुण को गोली मारी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण घायल युवक को झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
कबरई थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।












