सीतापुर, 20 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में कुख्यात अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन लंगड़ा” में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी इंदल गिरी पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के सख्त निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी टीम लगातार सक्रिय रही। गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपराधी इंदल गिरी किसी वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही ग्राम मोचकलां के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सीधे इंदल के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल, चांदी की पायल, .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, इंदल गिरी हाल ही में बिसवां में घर में घुसकर लूट की वारदात में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके तीन अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब इस गैंग के चारों सदस्य कानून के शिकंजे में हैं।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी सतेंद्र विक्रम सिंह, थाना प्रभारी राम राघव, उपनिरीक्षक महेश गंगवार और आरक्षी अमरेंद्र द्विवेदी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
सीओ बिसवां अमन सिंह ने बताया कि चोरी की घटना में वांछित यह बदमाश कई दिनों से पुलिस से बचकर घूम रहा था। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत पुलिस का साफ संदेश है कि अपराध करोगे तो या तो जेल जाओगे, या इसी तरह लंगड़ा कर दिए जाओगे।












