जबलपुर, 20 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी देर रात मौसम अचानक बिगड़ गया। जोरदार बारिश के साथ बादलों का गर्जन और बिजली की तेज गड़गड़ाहट ने लोगों को दहशत में डाल दिया। यह बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहा।
शहर में रात 12:00 के बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और बादलों की गर्जन के साथ बारिश ने भी जोर पकड़ लिया। अचानक आए इस मौसम ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नवरात्र को लेकर मंदिरों में सजावट और मेला लगा हुआ था, वहीं रमजान के चलते कई बाजार, विशेषकर मीना बाजार, भी भरे हुए थे। देर रात की बारिश से इन सभी जगहों पर अस्त-व्यवस्तता पैदा हो गई और व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है और यह स्थिति अगले एक-दो दिन बनी रहने की संभावना है। शुक्रवार सुबह बादलों के छाए रहने से धूप और छांव का सिलसिला बना हुआ है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 34 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की थी, जबकि छह जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई थी। इसके अलावा 28 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान था।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय है, जिसके कारण पिछले दो दिनों से आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को 15 से अधिक जिलों में मौसम अचानक बदला और कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नरसिंहपुर, खंडवा, हरदा, देवास, मंडला, खरगोन और सिवनी जिलों में ओले गिरने की खबरें आईं।
भोपाल और बुरहानपुर सहित कई इलाकों में भी तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखी गईं। आगे के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश में यही बदला हुआ मौसम रहेगा। विशेष रूप से सतना, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, रीवा, मैहर, मऊगंज और अनूपपुर में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।












