प्रयागराज, 01 अप्रैल
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। बुधवार की भोर से ही प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश भी जारी है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है।
मौसम विभाग की तरफ से सतर्कता बढ़ा दी गई है और अगले तीन घंटे में प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिजली, मध्यम बारिश और तूफान के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इसे लेकर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, अगले 24 घंटे तक यह मौसम बना रह सकता है। विशेष रूप से, उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बहराईच, बाराबंकी, बस्ती, भदोही, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
प्रयागराज में रात 2 बजे से ही मौसम में बदलाव देखा गया। हल्की बारिश और तेज हवाओं के बीच बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। सुबह करीब 7:30 बजे तक मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी होती रही, जिससे मौसम में ठंडक महसूस होने लगी।
मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मौसम के बदलाव से जूझने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।












