जयपुर, 01 अप्रैल।
राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ली है और बुधवार को भी प्रदेश के दो जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी जयपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो अप्रैल से एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसका असर अप्रैल के शुरुआती दिनों तक बना रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर और टोंक समेत दस से अधिक जिलों में दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखा गया।
इन जिलों में सुबह मौसम साफ था, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ा, बादल छा गए और कई जगहों पर बारिश शुरू हो गई। हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर के कई क्षेत्रों में ओले गिरने से फसलों को गंभीर नुकसान हुआ।
जयपुर के आसपास के कुछ स्थानों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
मंगलवार को कोटा और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान क्रमशः 37.9 और 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक था। लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन समेत कई जिलों में रबी की फसलें प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 अप्रैल तक प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।












