देवरिया, 19 मई।
देवरिया जनपद में मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की संवेदनशील कार्यशैली देखने को मिली, जहां उन्होंने न केवल फरियाद सुनी बल्कि एक बच्चे का उत्साहवर्धन कर शिक्षा के प्रति प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम में फरियाद लेकर पहुंची एक असहाय महिला की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने उसके पुत्र को भी शिक्षा के प्रति जागरूक किया, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल सकारात्मक हो गया।
तरकुलवा विकासखंड के ग्राम सोनहुला रामनगर निवासी प्रभावती देवी अपने पुत्र नीरज के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं और प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पड़ोसियों द्वारा उनके आने-जाने का रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई कर समस्या के समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर महिला के पुत्र नीरज पर पड़ी, जिनसे बातचीत में पता चला कि वह कक्षा पांच का छात्र है और सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत है।
जिलाधिकारी ने उससे गणित के कुछ प्रश्न पूछे, जिनका नीरज ने सही उत्तर दिया, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने बच्चे का उत्साहवर्धन किया और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है, जिससे व्यक्ति न केवल अपने भविष्य को संवार सकता है बल्कि समाज और देश के विकास में भी योगदान दे सकता है।
इसी जनता दर्शन में सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम मुंडाडीह निवासी असगर अली ने भी भूमि विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
साथ ही जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों और लेखपालों के कार्यों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













