वाराणसी, 30 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार को तमिलनाडु से आए 110 श्रद्धालुओं ने अम्माचियारम्मन तिरुवासगम का संपूर्ण पाठ कर विशेष प्रार्थना में भाग लिया।
श्रद्धालुओं के इस समूह का नेतृत्व जी. मुथुमदासामी ने किया। उन्होंने मंदिर परिसर में लगभग 658 गीतों का तिरुवासगम पाठ सतत क्रम में किया। यह पवित्र ग्रंथ महान संत माणिक्कवाचगर द्वारा रचित है और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
लगभग साढ़े पांच घंटे तक चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने पूर्ण अनुशासन और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना की। मंदिर न्यास ने बताया कि यह आयोजन देश के विभिन्न भागों से आए भक्तों की आस्था, एकता और सांस्कृतिक समन्वय का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है।













