खड़गपुर, 30 मार्च।
खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा पापिया चक्रवर्ती को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष और विरोध की लहर उभर गई है। रविवार रात गोलबाजार स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उम्मीदवार चयन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम की चर्चा थी, लेकिन अंतिम सूची में पापिया चक्रवर्ती का नाम आने के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। विरोध प्रदर्शन में जुटे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उम्मीदवार चयन में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज किया गया।
जिला युवा कांग्रेस के सचिव छोटन सेन ने कहा कि पापिया चक्रवर्ती का पहले आरएसएस और भाजपा से संबंध रहा है और वे अभी भी उनके संपर्क में हैं। इस पर खड़गपुर शहर युवा कांग्रेस के नेता अमित शर्मा ने भी असंतोष जताते हुए कहा कि शहर का संगठन इस उम्मीदवार को स्वीकार नहीं करता और ऐसे उम्मीदवार को चुना जाना चाहिए जो लंबे समय से कांग्रेस के विचार और संगठन से जुड़ा हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नेतृत्व इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं करता है, तो शहर के 35 वार्डों में आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस प्रत्याशी पापिया चक्रवर्ती ने सोमवार सुबह प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल में विरोध होता है और कुछ लोगों के विरोध से कोई बड़ी समस्या नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से यह मुद्दा सुलझा लिया जाएगा।













