मध्य प्रदेश
23 Apr, 2026

खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन का नया केंद्र

खिवनी अभयारण्य में बाघों की बढ़ती संख्या के साथ इसे वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर जोर दिया गया है।

भोपाल, 23 अप्रैल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्राकृतिक रूप से बाघों की बढ़ती मौजूदगी ने खिवनी वन्य-प्राणी अभयारण्य को वन्यजीव संरक्षण की सफलता का मजबूत उदाहरण बना दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र संरक्षण और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में आदर्श मॉडल के रूप में विकसित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य खिवनी को सुदृढ़ बाघ आवास के साथ प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है, जिससे संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।

मालवा-निमाड़ अंचल के शुष्क पर्णपाती वनों में फैला लगभग 134.7 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पहले केवल बड़े वनों को जोड़ने वाले मार्ग के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह बाघों के सुरक्षित प्रजनन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव को सुनियोजित नीतियों और निरंतर संरक्षण प्रयासों का परिणाम बताया।

जानकारी के अनुसार बाघ ‘युवराज’ और ‘मीरा’ ने इस क्षेत्र को स्थायी निवास बनाकर इसे नई पहचान दी है। मीरा द्वारा तीन शावकों को जन्म दिए जाने की पुष्टि भी की गई है, जो अब जंगल में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वर्तमान में यहां करीब एक दर्जन बाघों की मौजूदगी दर्ज की जा रही है, जो क्षेत्र में पारिस्थितिक संतुलन के पुनर्जीवन का संकेत है।

खिवनी में वन्यजीवों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। जंगली कुत्ते, तेंदुए, लकड़बग्घा, सियार और भालू जैसे जीवों की उपस्थिति के साथ चौसिंगा जैसे दुर्लभ शाकाहारी जीव भी यहां पाए जा रहे हैं, जिससे शिकार और शिकारी के बीच संतुलन स्थापित हो रहा है और पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत बन रहा है।

बताया गया कि खिवनी में वन्यजीव संरक्षण की शुरुआत वर्ष 1982 में हुई थी और बाद में इसका विस्तार कर आसपास के वन क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया गया। वर्तमान में यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए महत्वपूर्ण आश्रय बन गया है। राज्य सरकार अब ओंकारेश्वर वन्य-प्राणी अभयारण्य के विकास के जरिए इस क्षेत्रीय संपर्क को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। खिवनी अब संरक्षण, संतुलन और नए जीवन का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जो प्रदेश को वन्यजीव संरक्षण और इको-पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिला रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़