आसनसोल, 31 मार्च।
आसनसोल नॉर्थ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी के नामांकन के साथ उनके हलफनामे ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां उजागर की हैं।
हलफनामे के अनुसार, वर्ष 2015-16 से 2019-20 तक कृष्णेंदु मुखर्जी की औसत वार्षिक आय लगभग 8.59 लाख रुपये थी, जबकि उनकी पत्नी की आय 6.91 लाख रुपये थी। 21 फरवरी 2020 को भाजपा में शामिल होने के बाद वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान उनकी औसत आय घटकर 5.41 लाख रुपये रह गई और उनकी पत्नी की आय भी 4.91 लाख रुपये रह गई।
आय में कमी के बावजूद उनकी संपत्ति में वृद्धि देखी गई है। मुखर्जी के पास लगभग 54.41 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनके नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है। उन पर करीब 2.03 करोड़ रुपये का कर्ज है। उनकी पत्नी के पास 2.49 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जबकि उन पर लगभग 1.86 करोड़ रुपये का कर्ज दर्ज है।
वाहनों के मामले में मुखर्जी के पास केवल एक दोपहिया वाहन है, जो उन्होंने 2021 में खरीदा था, जबकि उनकी पत्नी के पास एक i10 कार है। आभूषणों के मामले में मुखर्जी के पास कोई सोना-चांदी या अन्य गहने नहीं हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास लगभग 4.23 लाख रुपये के आभूषण हैं।
हलफनामे में यह भी खुलासा किया गया है कि उनके खिलाफ कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मामले 1997 से 2019 के बीच के हैं और इनमें हत्या, रंगदारी, चोरी और डकैती जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इनमें से 13 मामले हीरापुर थाने में, एक बुदबुद थाना में और एक अंडाल थाना में दर्ज हैं।
इलाके में उनकी छवि एक बाहुबली नेता के रूप में स्थापित है और यह हलफनामा उनके राजनीतिक व सामाजिक प्रभाव की तस्वीर को स्पष्ट करता है।











