रुद्रप्रयाग, 30 मार्च।
सिंगोली भटवारी जल विद्युत परियोजना प्रबंधन ने एक अप्रैल को कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने की जानकारी दी है। परियोजना प्रबंधन के अनुसार बैराज के रेडियल गेट्स के मेंटेनेंस और सिल्ट फ्लैशिंग के काम के कारण सुबह 07:30 बजे से दोपहर 04:00 बजे तक सभी गेटों से पानी छोड़ा जाएगा। इस दौरान मंदाकिनी नदी का जल स्तर और प्रवाह सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
प्रबंधन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे इस अवधि में स्वयं और अपने मवेशियों को नदी की ओर न भेजें। साथ ही नदी क्षेत्र में खनन कार्य कर रहे संस्थानों और व्यक्तियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी मशीनरी को निर्धारित समय के दौरान नदी क्षेत्र से दूर रखें।
सिंगोली भटवारी जल विद्युत परियोजना के प्रबंधन ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम बताया और सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की है।











