सीतापुर, 30 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के जिला प्रशासन ने सरकारी तालाब और कब्रिस्तान की जमीन पर बने अवैध मस्जिद के ढांचे को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की टीम रात लगभग 3 बजे मौके पर पहुंची और सुबह 5 बजे से बुल्डोजर की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। यह कार्य लगभग 8 बजे तक चला, जिसमें मस्जिद के अधिकांश हिस्से को गिरा दिया गया। मलबा हटाने का कार्य अभी जारी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर एडीएम नीतीश कुमार, एएसपी आलोक सिंह, सीओ लहरपुर और एसडीएम लहरपुर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही 2 प्लाटून पीएसी, 18 थाना प्रभारी, 35 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने बताया कि इस दौरान किसी भी तरह का विरोध या अप्रिय घटना नहीं हुई।
एडीएम नीतीश कुमार ने बताया कि यह अवैध निर्माण लगभग 12 वर्ष पूर्व डेढ़ बीघा सरकारी जमीन पर किया गया था। ग्राम सभा की शिकायत के बाद इसे चिन्हित किया गया और 18 दिसंबर 2025 को तहसीलदार कोर्ट में वाद दाखिल किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया, लेकिन अतिक्रमण हटाया नहीं गया।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है। क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासन की निगरानी जारी है।












