लखनऊ, 30 अप्रैल
उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना दल (कमेरावादी) की नेता एवं सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नीति और नीयत दोनों ही सही नहीं प्रतीत होती हैं।
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि महिलाओं, विशेषकर वंचित वर्ग से आने वाली महिलाओं के प्रति सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं है और इसी कारण महिला आरक्षण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस विषय को परिसीमन और जनगणना जैसे मुद्दों से जोड़कर लगातार लंबित कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार की मंशा सही होती तो 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक की आगे की प्रक्रिया को अब तक पूरा कर दिया जाता, लेकिन अब तक इस पर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
विधायक ने यह भी कहा कि प्रदेश और देश की महिलाएं सरकार से यह सवाल कर रही हैं कि वर्ष 2023 में विधेयक पारित होने के बावजूद अब तक इसे लागू करने की दिशा में कोई ठोस पहल क्यों नहीं की गई है। उन्होंने सरकार पर इस मामले में गंभीरता न दिखाने का आरोप भी लगाया।









