देहरादून, 30 मार्च।
देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्रान्तर्गत मसूरी रोड पर सोमवार सुबह दो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान की गई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार सुबह लगभग 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार और अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मसूरी रोड के मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो एन कार सवार व्यक्तियों के बीच वाहन पास न देने को लेकर झगड़ा हुआ। विवाद के दौरान स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसके टायरों पर फायरिंग की। इसी दौरान गोली सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को लगी, जिसे अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
घटना के समय फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद सभी स्कॉर्पियो सवार आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने जनपद भर में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने मृतक ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालसी-जोहड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए और आवश्यक स्थानों पर पिकेट लगाकर भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम की जाए।












