भोपाल, 18 अप्रैल
जनगणना-2027 के प्रथम चरण को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से भोपाल नगर निगम क्षेत्र में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देने का कार्य निरंतर जारी है। इस चरण के अंतर्गत मकानों की सूची तैयार करने के साथ-साथ भवनों की गणना का काम किया जाना है।
शनिवार को निगम के उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हरेंद्र सिंह कुशवाह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए गए प्रगणकों व पर्यवेक्षकों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगे भी यदि कोई कर्मचारी प्रशिक्षण सत्र से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रस्ताव प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी को भेजा जाएगा। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नगर निगम के जोन 05, 07, 08, 10, 11, 16 और 17 में तय कार्यक्रम के अनुसार फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने, मकानों की सूची तैयार करने तथा गणना प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारी से अवगत कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि आगामी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।










.jpg)