अमेठी, 24 मार्च।
अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पर्वतपुर मजरे सम्भई निवासी सुनील कुमार (50) पुत्र राम लखन के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था और सोमवार रात को भी ठेके के पास काफी देर तक बैठा रहा। परिजन घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक शराब पीकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार से उसकी साइकिल टकरा गई, जिससे वह असंतुलित होकर तार पर गिर गया। प्रारंभिक आशंका है कि तार में सोलर पैनल से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे उसकी मृत्यु हुई।
जामो थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।












