कोडरमा, 01 अप्रैल।
डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में मंगलवार की देर शाम एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी (पिता बैद्यनाथ राणा) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय घर के अन्य सदस्य किसी शादी समारोह की खरीदारी करने बाजार गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे और छत पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा, तो काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में दरवाजा तोड़ने पर चांदनी फंदे के सहारे झूलती हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चांदनी की मां मंजू देवी ने बताया कि बेटी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। घटना से एक दिन पहले उक्त युवक के परिजन उनके घर आए और डांट फटकार कर कहा कि भविष्य में उनके बेटे से कोई संपर्क नहीं रखना।
परिजन जब मंगलवार को बाजार गए, उसी दौरान लड़के के परिजन उनके घर पहुंचे और चांदनी को फांसी पर लटका कर मौके से फरार हो गए, ऐसा आरोप परिजनों ने लगाया।
घटना की सूचना पाते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।












