उत्तर प्रदेश
24 Apr, 2026

मीरजापुर में सनसनीखेज वारदात, युवक की पीट-पीटकर हत्या कर उसे नहर में फेंका

मीरजापुर में आपसी विवाद के दौरान एक युवक के साथ मारपीट कर उसे नहर में फेंक दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई, वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मीरजापुर, 24 अप्रैल।

मीरजापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जैकर कला गांव के समीप आपसी विवाद के दौरान एक युवक की पिटाई कर उसे नहर में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में दम तोड़ दिया।

दूबार कलां निवासी रोहित कुमार कोरी ने आरोप लगाया है कि उसका 22 वर्षीय भाई दिलीप कुमार उर्फ दीपक ऑर्केस्ट्रा में कार्य करता था। बुधवार रात वह अपने साथियों के साथ मौजूद था, तभी सुरेश मौर्या, अब्दुल मोहम्मद और ठाकुर हरिजन ने उसकी पिटाई कर उसे मृत समझकर नहर में फेंक दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शुक्रवार को दूबार-लालगंज मार्ग पर लगभग तीन घंटे तक जाम लगा दिया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया।

थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़