मुरादाबाद, 28 अप्रैल।
नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर आयोजित नेक्स्ट जनरेशन जूनियर हाइट एंड वेट 99 प्वाइंट क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खेले गए दो क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में द आरएन क्रिकेट अकादमी और रुक्मणी क्रिकेट अकादमी ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले मुकाबले में सत्यम के शानदार प्रदर्शन और दूसरे मैच में अहम कश्यप की प्रभावशाली गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई।
पहले क्वार्टर फाइनल में सीसीएस क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.2 ओवर में 170 रन बनाए। टीम की ओर से मुकुल कुमार ने 52, शुऐब खान ने 35 और आदित्य ठाकुर ने 18 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए द आरएन क्रिकेट अकादमी ने 28.5 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रियाज अहमद और नक्श ने 37-37 रन बनाए, जबकि उदय वीर ने 24 और सत्यम ने नाबाद 18 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सत्यम और अबूबकर तुर्क ने तीन-तीन विकेट झटके। द आरएन क्रिकेट अकादमी ने यह मुकाबला चार विकेट से जीता, जिसमें सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में रुक्मणी क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में पांच विकेट पर 217 रन बनाए। मयंक सैनी ने 86 रन और देव राजौरा ने 65 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में रामपुर क्रिकेट अकादमी की टीम 17.2 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। पुण्यवीर सिंह ने नाबाद 62 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
रुक्मणी क्रिकेट अकादमी की ओर से अहम कश्यप ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। टीम ने यह मुकाबला 97 रन से अपने नाम किया और अहम कश्यप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी रोमियो और सुधीर कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरिंग यश ने की। इस अवसर पर टूर्नामेंट आयोजक एवं कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, मो. शाहिद, सोनू मलिक, अमान सिद्दीकी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



.jpg)






