30 मार्च 2026, भोपालराजधानी के व्यस्त व्यावसायिक इलाके एमपी नगर में देर रात एक क्लब के बाहर तीन युवतियों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जब सड़क पर अचानक हंगामे की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवतियां पार्टी के दौरान नशे की हालत में थीं और किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान एक युवती को गंभीर चोटें आईं, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। यह मामला एमपी नगर के जोन-2 क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां देर रात नियमों के उल्लंघन की चर्चाएं भी सामने आई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते पुलिस की ओर से कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।











