नई दिल्ली, 01 मई।
भारत खेड़ा ने शुक्रवार को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वे उपभोक्ता मामले विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत थे।
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी भारत खेड़ा अपने साथ केंद्र और राज्य सरकारों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक अनुभव लेकर मंत्रालय में पहुंचे हैं।
अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने नवंबर 2014 से फरवरी 2020 तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में लगभग पांच वर्षों से अधिक समय तक कार्य किया। इस दौरान संयुक्त सचिव (वायु) के रूप में उन्होंने भारतीय वायु सेना से जुड़े मामलों का दायित्व संभाला।
इसके साथ ही वर्ष 2017 से 2020 तक लगातार चार वर्षों तक गणतंत्र दिवस समारोह सहित राष्ट्रीय औपचारिक आयोजनों के समन्वय की जिम्मेदारी भी उनके पास रही। इस अवधि में उन्होंने महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन में अहम भूमिका निभाई।
रक्षा मंत्रालय में कार्य के दौरान उन्होंने सीमा सड़क संगठन तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े मामलों की भी देखरेख की। इसके अतिरिक्त उन्होंने कैबिनेट सचिवालय में लगभग दो वर्षों तक संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग तथा प्रौद्योगिकी से संबंधित विभागों का दायित्व संभाला।
कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने रणनीतिक नीति निर्माण में योगदान दिया, जिससे प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय प्रक्रिया को मजबूती मिली।












