पटना, 31 मार्च।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों से भेंट की और उनके प्रशिक्षण के दौरान किए गए अनुभवों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुलाकात में उपस्थित प्रशिक्षुओं में विरूपाक्ष विक्रम सिंह, प्रिया रानी, कृष्णा जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसिन, अजय यादव, सुरज कुमार, विग्नेश टीए, जतिन कुमार, के परीक्षित, महेश कुमार और कशिश बख्शी शामिल थे। उन्होंने जिले में प्रशिक्षण के दौरान किए गए कार्यों और अनुभवों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की। इन अधिकारियों में 03 महिलाएँ और 09 पुरुष हैं, जबकि इनके मूल राज्य बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु और झारखंड हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि आपने अपने अनुभव साझा किए, यह जानकर प्रसन्नता हुई। वर्तमान में आप प्रशिक्षण अवधि में हैं और इसके पश्चात आपकी पोस्टिंग होगी। राज्य एवं केंद्र की नीतियों को लागू करने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता, ईमानदारी, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए राज्य और देश के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह और सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह भी उपस्थित थे।












