कानपुर, 31 मार्च।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में चकेरी थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनकी बच्ची की जान चली गई। अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात की हालत बिगड़ी और अंततः बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, छावनी क्षेत्र के मैकूपुरवा निवासी आशीष निषाद और उनकी पत्नी मुस्कान ने 28 मार्च को एक बेटी को जन्म दिया था। अचानक सोमवार को बच्ची को तेज बुखार हो गया, जिसके बाद परिजन उसे रामादेवी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के नाम पर उनसे 20,000 रुपये की राशि ली गई। हालांकि, डॉक्टरों ने उपचार के बाद भी बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं किया। बाद में इलाज के नाम पर दो हजार रुपये की दवा भी मंगवाई गई। देर रात एक और डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच की बात कही। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











