कोलकाता, 24 मार्च।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार सुबह दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव की रणनीति और पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करना है।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन न्यू टाउन स्थित एक होटल में राज्य भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में कोलकाता और अन्य संगठनात्मक क्षेत्रों की चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही वह पार्टी की सूचना प्रौद्योगिकी इकाई, सोशल मीडिया टीम और चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने वाली टीम के साथ भी बैठक करेंगे।
यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब भाजपा ने राज्य में अपने कई उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर दी है, लेकिन अभी 39 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित होना बाकी हैं। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में कराए जाएंगे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि शेष उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए हाल ही में नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता जे.पी. नड्डा के आवास पर अहम बैठक हुई थी। इसके बाद जल्द ही बाकी उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना है।
इसके अलावा नितिन नवीन इस दौरान पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ की तैयारियों की समीक्षा भी कर सकते हैं। अनुमान है कि भाजपा इस महीने के अंत तक अपना घोषणा पत्र जारी करेगी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति भी संभावित है।












