मुजफ्फरपुर, 18 मार्च।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित असिया गांव मंगलवार की देर रात हिंसक रणभूमि में तब्दील हो गया। पास्को एक्ट के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई, जिसमें गोली लगने से एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हो गई और थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में नाबालिग लड़की से जुड़े अपराध के मामले में पास्को कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। इसी आदेश के पालन में गायघाट पुलिस असिया गांव में छापेमारी करने पहुंची। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। झड़प इतनी भयानक हो गई कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस छापेमारी करने गई थी, लेकिन टीम पर जानलेवा हमला हुआ। उग्र भीड़ ने पुलिस के दो वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में गायघाट थानेदार और दो अन्य जवान घायल हुए। घटना के दौरान पुलिस ने हवाई फायरिंग की, वहीं ग्रामीणों की तरफ से भी फायरिंग हुई, जिसमें स्थानीय व्यक्ति जगतवीर राय (60 वर्ष) को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद असिया गांव और आसपास के इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और डीएसपी पूर्वी भारी पुलिस बल और कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान की जा रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और पुलिस हर जगह नजर बनाए हुए है।












