अपराध
18 Apr, 2026

ऑनलाइन निवेश ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन साइबर-हॉक के तहत ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कई बैंक खातों का खुलासा किया है।

नई दिल्ली, 18 अप्रैल।

राजधानी में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच उत्तरी जिले की साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर-हॉक 4.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से मोबाइल फोन व बैंक पासबुक बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार एक पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर 1.46 लाख रुपये की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया है। आरोपियों ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क जैसे ‘गूगल होटल रेटिंग’ पूरे करने पर 125 रुपये का लाभ देकर उसका भरोसा जीत लिया था।

इसके बाद पीड़ित को ‘प्रीपेड टास्क’ के नाम पर अधिक निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में 1000 रुपये लगाने पर 1300 रुपये लौटाए गए, जिससे उसका विश्वास और बढ़ गया। लेकिन बाद में 3000, 20,000 और 30,000 रुपये निवेश करने के बाद निकासी के समय खाता फ्रीज होने की बात कही गई।

खाते को अनफ्रीज करने के नाम पर पहले 50,000 रुपये और फिर 1 लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद जब 1.65 लाख रुपये और मांगे गए, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी जांच के दौरान व्हाट्सएप, गूगल डेटा, कॉल डिटेल और लगभग 200 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। जांच में संदिग्ध लोकेशन लुधियाना में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और कई दिनों की कार्रवाई के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी को दिल्ली के किंग्सवे कैंप क्षेत्र से पकड़ा गया, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी ने अपने बैंक खाते बेचकर पूरे ठगी नेटवर्क को मजबूत किया था, जिन्हें आगे अन्य लोगों को बेचा गया।

पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन और एक बैंक पासबुक बरामद की है, जिनमें ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मिले हैं। जांच में ऐसे चार अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़