इंदौर, 27 अप्रैल
इंदौर में जनसुविधा और यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा बड़ा कदम उठाया गया है। संभाग में स्टेज कैरिज परमिट पर चल रही 15 वर्ष से अधिक पुरानी 72 यात्री बसों के परमिट समाप्त कर दिए गए हैं। इस संबंध में आदेश सोमवार को जारी किए गए।
जानकारी के अनुसार संभाग में कुल 136 पुरानी यात्री बसों के मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर निर्देश दिया गया था कि वे अपने वाहनों को नवीन मॉडल की बसों से प्रतिस्थापित करें। जब ये परमिट जारी किए गए थे, तब यह शर्त रखी गई थी कि 15 वर्ष से अधिक पुरानी बसों का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा।
निर्धारित समयसीमा में केवल 64 वाहन स्वामियों ने ही अपनी पुरानी बसों के स्थान पर नई बसें लगाई, जबकि शेष 72 बस मालिकों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसी कारण इन बसों के परमिट रद्द कर दिए गए।
इन वाहनों की सूची सभी पुलिस अधीक्षकों, जिला परिवहन अधिकारियों तथा परिवहन सुरक्षा दस्तों को भेजी गई थी ताकि संचालन की स्थिति में उन्हें जब्त किया जा सके। संभागीय आयुक्त एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने इन 72 बसों के स्थायी परमिट निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं।
पूर्व में भी इसी प्रकार 136 यात्री बसों के परमिट निरस्त किए जा चुके हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि सड़क सुरक्षा और यात्री सुविधा सुनिश्चित की जा सके।













