बस्ती, 09 मई।
उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग की पीजीटी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलमुक्त और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।












.jpg)