नई दिल्ली, 04 मई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों के बीच भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती नजर आने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार शाम छह बजे नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के लिए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और गढ़वाल से सांसद ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की है। परंपरा के अनुसार चुनाव परिणामों के समय प्रधानमंत्री भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हैं और इस बार भी इसी क्रम में उनका आगमन तय माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई रैलियां, जनसभाएं और रोड शो किए थे। अपने संबोधन में उन्होंने बार-बार यह दावा किया था कि इस बार राज्य में कुछ ऐसी सीटें भी होंगी जहां तृणमूल कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलेगा।
अब चुनाव आयोग द्वारा जारी शुरुआती रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। आंकड़ों के अनुसार भाजपा 193 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 94 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा एजेयूपी दो सीटों पर, भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा एक सीट पर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी एक सीट पर और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट भी एक सीट पर आगे चल रहा है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न हुआ था और कुछ स्थानों पर पुनर्मतदान भी कराए गए थे। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर झड़पों के कारण अभी मतदान शेष है, जहां चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान का निर्णय लिया था।
अब सभी की निगाहें अंतिम परिणामों और प्रधानमंत्री के संबोधन पर टिकी हुई हैं, जिसे आगामी राजनीतिक दिशा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





.jpg)



