29 मार्च 2026, राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झाड़ला में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने ससुराल पक्ष के तीन सदस्यों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली।
घटना 14 मार्च की बताई जा रही है, जब 22 वर्षीय सोनाबाई ने अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी थी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि ससुराल पक्ष द्वारा पैसों और अन्य सामान की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
परिजनों पर आरोप है कि ससुर, बड़ी सास और जेठानी द्वारा उसे बार-बार ताने दिए जाते थे, जिससे वह तनाव में रहने लगी थी। इसी दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
महिला का विवाह वर्ष 2021 में सुनील दांगी से हुआ था और उसका सात महीने का एक बच्चा भी है। जांच के आधार पर पुलिस ने राधेश्याम दांगी, कलाबाई और संगीताबाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












