मुंबई, 22 अप्रैल।
रणवीर सिंह और निर्देशक फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन-3’ को लेकर चल रहा मतभेद अब समाप्त होता नजर आ रहा है। बजट और पारिश्रमिक को लेकर दोनों के बीच उत्पन्न असहमति के बाद अब स्थिति सामान्य होने की दिशा में बढ़ गई है, जिससे परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
सूत्रों के अनुसार फिल्म की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रणवीर सिंह ने अपने पारिश्रमिक में से लगभग दस करोड़ रुपये लौटाने पर सहमति जताई है। साथ ही उन्होंने पूर्व में प्राप्त साइनिंग अमाउंट का एक हिस्सा भी वापस करने की बात स्वीकार की है।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को हुए संभावित नुकसान की भरपाई के तौर पर अपनी आगामी फिल्म ‘प्रलय’ में प्रोडक्शन हाउस को हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव भी रखा है, हालांकि इस हिस्सेदारी के स्वरूप और लाभांश को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इस विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी जब रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से बाहर होने की चर्चाएं सामने आई थीं। इसके पीछे स्क्रिप्ट में देरी और रचनात्मक मतभेद प्रमुख कारण बताए गए थे, जबकि अभिनेता की ओर से कहानी और प्रोजेक्ट की दिशा को लेकर असंतोष की बात भी सामने आई थी।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से इस समझौते पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन आपसी सहमति की यह स्थिति फिल्म के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।





.jpg)





