मध्य प्रदेश
27 Apr, 2026

मप्र में कक्षा 5वीं-8वीं की पुनः परीक्षा 1 जून से, राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी की समय सारिणी

राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 5वीं एवं 8वीं के अनुत्तीर्ण और अनुपस्थित विद्यार्थियों के लिए 1 जून से 6 जून तक पुनः परीक्षा आयोजित करने की घोषणा करते हुए विस्तृत समय सारिणी और दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भोपाल, 27 अप्रैल

मध्य प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे कक्षा 5वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 1 जून से 6 जून 2026 के बीच संपन्न होगी। इसमें प्रदेश की सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त शालाओं तथा पंजीकृत मदरसों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सोमवार को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केंद्र के परीक्षा पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड किए जा सकेंगे। शाला प्रमुख, जनशिक्षा केंद्र प्रभारी, बीआरसीसी एवं डीपीसी लॉगिन के जरिए यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। सभी बीआरसीसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक के विद्यार्थियों को 25 मई तक अनिवार्य रूप से प्रवेश पत्र उपलब्ध कराएं।

राज्य शिक्षा केंद्र संचालक के अनुसार पुनः परीक्षा से पहले शाला स्तर पर विषयवार अतिरिक्त अध्ययन व्यवस्था सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। जिन विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट कार्य पूरा नहीं किया है या जिनके प्रोजेक्ट में कम अंक प्राप्त हुए हैं, उनसे संबंधित कार्य पूर्ण कराकर शाला स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा तथा प्राप्तांक पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।

परीक्षा केन्द्र जनशिक्षा केंद्र स्तर पर निर्धारित किए जाएंगे। यदि किसी केंद्र पर 500 से अधिक विद्यार्थी होते हैं तो राज्य शिक्षा केंद्र की अनुमति से अतिरिक्त परीक्षा केंद्र बनाया जा सकेगा। केंद्र निर्धारण के बाद शाला मैपिंग की प्रक्रिया 15 मई तक बीआरसीसी द्वारा पूरी की जाएगी।

परीक्षा के प्रश्नपत्रों का मुद्रण परीक्षा केंद्रों पर ही किया जाएगा। इसके लिए जिला परियोजना समन्वयक नोडल अधिकारी रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, ए-4 पेपर, टोनर और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रमुख एवं शिक्षकों की होगी।

गर्मी को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर शीतल पेयजल, ओआरएस घोल, पंखों की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़