अंबिकापुर/रायपुर, 30 मार्च।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट (दरिमा) से आज राजधानी दिल्ली के लिए नियमित विमान सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर उड़ान सेवा का उद्घाटन करेंगे। क्षेत्रीय सांसद चिंतामणि महाराज भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और उद्घाटन के बाद पहली उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इसके अतिरिक्त, 2 अप्रैल 2026 से अंबिकापुर से कोलकाता के लिए भी नई विमान सेवा शुरू होगी। यह सेवा सप्ताह में दो दिन गुरुवार और शनिवार उपलब्ध रहेगी। दिल्ली रूट पर उड़ान सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर और वापसी में अंबिकापुर से दिल्ली उड़ान रहेगी, जबकि बुधवार को दिल्ली से सीधी अंबिकापुर और वापसी में बिलासपुर होते हुए दिल्ली सेवा रहेगी।
कोलकाता रूट पर गुरुवार को कोलकाता से सीधी अंबिकापुर और वापसी में बिलासपुर होते हुए कोलकाता, जबकि शनिवार को कोलकाता से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर और वापसी में सीधे कोलकाता उड़ान रहेगी। एलायंस एयर द्वारा संचालित 72 सीटों वाले एटीआर विमान में यह सेवा उपलब्ध होगी। दिल्ली का किराया लगभग 6 से 7 हजार रुपये तय किया गया है और टिकट बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।
सरगुजा जिला प्रशासन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारी पूरे विमान संचालन की निगरानी कर रहे हैं। इस नई उड़ान सेवा से क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।












