सागर, 26 मार्च।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मारी। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय (पठार मोहल्ला, बंडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी।
दूसरा हादसा खेल परिसर के पास हुआ। पीलीकोठी घाटी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए, जिसमें से एक युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ। राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। दोनों मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।












