उज्जैन, 19 अप्रैल।
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के प्रथम चरण के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिंहस्थ 2028 के दौरान दुनिया सनातन परंपरा के भव्य स्वरूप का साक्षात्कार करेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विश्वस्तरीय होगा और इसमें आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे यह पर्व पूर्ण सनातन वैभव के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उज्जैन में विकास कार्यों की श्रृंखला चल रही है, जिससे शहर की नई पहचान बनेगी और यह समृद्धि का प्रतीक बनेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि हर घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
इस अवसर पर उन्होंने एक करोड़ बीस लाख रुपये की लागत से निर्मित हेलीपैड विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इस भवन में कार्यालय कक्ष, आमजन से भेंट के लिए हॉल और पायलटों के लिए विशेष कक्ष की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के उपयोग हेतु विकसित की गई है।
नगर निगम द्वारा इस निर्माण में विभिन्न मदों से राशि स्वीकृत कर विकास कार्य पूर्ण किए गए, जिसमें भवन निर्माण से लेकर बाह्य सौंदर्यीकरण तक की व्यवस्था शामिल रही। इससे आवागमन और विश्राम की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा उच्चस्तरीय बैठकों का आयोजन भी संभव होगा।
सिंहस्थ 2028 को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया, जिसमें नगर निगम को इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीन सौंपी गई। यह मशीन पर्यावरण अनुकूल तकनीक पर आधारित है और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगी। इसका उपयोग बड़े धार्मिक आयोजन में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने में किया जाएगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जैन संत से भेंट कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।










.jpg)