नई दिल्ली, 19 मार्च।
'सरके चुनर' गाने को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त समेत पांच लोगों को समन भेजा है। आयोग ने अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर इस गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोप लगाए हैं।
आयोग ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि गाने की सामग्री प्रथम दृष्टया यौन संकेतात्मक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन वाली प्रतीत होती है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोरा फतेही, गीतकार रकीब आलम, अभिनेता संजय दत्त, निर्माता वेंकट के नारायण और निर्देशक किरण कुमार को समन जारी किया है। सभी को निर्देश दिया गया है कि वे 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे आयोग के समक्ष उपस्थित हों और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करें।

आयोग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। यह कदम गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता को लेकर आयोग की गंभीर चिंता को दर्शाता है।











