मध्य प्रदेश
27 Apr, 2026

खरगोन में सरपंच पति 8 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

खरगोन जिले में लोकायुक्त टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त जारी करने के नाम पर 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते सरपंच पति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

खरगोन, 27 अप्रैल

खरगोन जिले में सोमवार को लोकायुक्त संगठन की इंदौर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत भोमवाड़ा में सरपंच के पति को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पंचायत सचिव की भूमिका भी सामने आई है, जिसे सह-आरोपी बनाया गया है।

मामले के अनुसार ग्राम भोगवाड़ा निवासी कविता यादव ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत राशि की अगली किस्त जारी करने के नाम पर पंचायत सचिव जितेंद्र सिंह पंवार और सरपंच पति चिंताराम भोमारे द्वारा 8 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

योजना के तहत आवेदिका को कुल 1.25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसमें से 25 हजार और 40 हजार रुपये की दो किस्तें पहले ही प्राप्त हो चुकी थीं। शेष 65 हजार रुपये जारी करने के लिए आरोपियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप दल गठित किया गया। कार्रवाई के दौरान सरपंच पति चिंताराम भोमारे को शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं पंचायत सचिव की संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी इस प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान सहित लोकायुक्त दल की टीम शामिल रही।

लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कार्य के बदले रिश्वत की मांग की जाती है, तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़