भोपाल, 01 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को टीटी नगर स्थित मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में "स्कूल चलें हम" अभियान के तहत राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरित की जाएगी, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जनसम्पर्क अधिकारी अखिल परस्ते ने बताया कि राज्य शासन द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं। इसके तहत मेधावी छात्रों को लैपटॉप सहायता दी जा रही है, जबकि स्कूटी और साइकिल वितरण योजनाओं के माध्यम से अन्य छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिडिल और हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान और पुनः नामांकन के लिए ट्रैकिंग सिस्टम भी सक्रिय किया गया है, जिससे अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।
राज्य शासन ने इस वर्ष हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। यह पहल प्रदेश में शिक्षा के प्रसार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता और विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।











