महोबा, 30 अप्रैल
नगर क्षेत्र के आलमपुरा स्थित एक कम्पोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी ने गुरुवार को अचानक निरीक्षण किया, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में मौजूद शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा नामांकित छात्रों के सापेक्ष उपस्थिति का आंकलन किया, जिसमें 214 छात्रों के मुकाबले केवल 63 छात्र ही उपस्थित पाए गए। इस स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान एक और चौंकाने वाली स्थिति सामने आई, जिसमें कक्षा तीन के छात्रों को पढ़ाने का कार्य स्वयं एक छात्र द्वारा किया जा रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कक्षाध्यापक की लापरवाही को गंभीर मानते हुए उसे भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत बने रसोईघर का भी जायजा लिया गया, जहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने खाद्यान्न सामग्री को उचित कंटेनरों में सुरक्षित रखने और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विद्यालय के भंडार कक्ष में अव्यवस्थित सामग्री तथा परिसर में फैली गंदगी को देखकर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताया और पूरे विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि एक सहायक अध्यापिका बाल्यकाल देखभाल अवकाश पर थीं। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।









