कांकेर, 02 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में रावघाट एरिया कमेटी की सदस्य रामको मंडावी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि रामको मंडावी मोस्ट वांटेड नक्सली रूपी की सुरक्षा गार्ड रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च के बाद जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की घटनाओं में तेजी आई है। रामको मंडावी से प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरक्षा बल मोस्ट वांटेड नक्सली रूपी की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही इस मामले में बड़ी सफलता मिल सकती है।
छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के माछपल्ली गांव में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर रखा है। कांकेर जिले में अभी भी डीवीसीएम रूपी और चंदर सहित कुल 13 नक्सली सक्रिय बताए जा रहे हैं। 31 मार्च के बाद से इन नक्सलियों की खोज में सुरक्षा बल लगातार छापामार और तलाशी अभियान चला रहे हैं।












