माल्मो, 08 मई।
विश्व शतरंज रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज मैग्नस कार्लसन ने गुरुवार को सडन डेथ प्लेऑफ में भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को पराजित करते हुए ‘टेपे सिगेमैन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट के मुख्य चरण में अर्जुन एरिगैसी ने बेहद सधा हुआ और प्रभावी प्रदर्शन करते हुए पूरे दौर में अपराजित रहते हुए मजबूत स्थिति बनाए रखी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्हें बेहद मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। टाईब्रेकर की दो बाजियों में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक जीत दर्ज कर संतुलन बनाए रखा, जिसके बाद मुकाबला सडन डेथ में पहुंचा, जहां कार्लसन ने निर्णायक बढ़त हासिल कर जीत दर्ज की।
यह लगातार दूसरी बार है जब अर्जुन एरिगैसी इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम करने से चूक गए। वर्ष 2024 में भी उन्हें संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था।
अंतिम राउंड में अर्जुन 6 में से 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए थे, जबकि कार्लसन और यागिज कान एरदोगमुस उनसे आधे अंक पीछे चल रहे थे। यदि अर्जुन अंतिम मुकाबले में एंडी वुडवर्ड को पराजित कर देते, तो वे सीधे चैंपियन बन जाते, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त होने से कार्लसन को वापसी का अवसर मिल गया।
इसके बाद कार्लसन ने अपने अंतिम राउंड में एरदोगमुस को हराकर अर्जुन की बराबरी कर ली और मुकाबला प्लेऑफ तक पहुंचा दिया। सडन डेथ चरण में उन्होंने निर्णायक जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट की शुरुआत में अर्जुन एरिगैसी ने कार्लसन के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेलकर मजबूत संकेत दिए थे।






.jpg)

.jpg)


