दौसा, 08 मई
जिले के महवा क्षेत्र के समलेटी गांव में शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया, जहां 14 वर्षीय छात्र कार्तिक बैरवा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने इसे सडन कार्डियक डेथ यानी संभावित हार्ट अटैक का मामला माना है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार्तिक बिस्तर से उठकर पानी पीने गया था, तभी वह अचानक गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे महवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार बच्चे की मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमॉर्टम कराने से मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकती थी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमॉर्टम करवाए शव घर ले आए। इस स्थिति को चिकित्सकीय भाषा में सडन कार्डियक डेथ कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो जाती है।
कार्तिक कक्षा आठ का छात्र था और गांव के ही विद्यालय में अध्ययनरत था। परिवार में उसकी बड़ी बहन जिया का विवाह एक मई को करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के रामपुर गांव में हुआ था।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर कार्तिक अपनी बहन को पहली बार ससुराल से लाने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना घट गई। भाई की मौत की सूचना मिलते ही बहन को तुरंत ससुराल से वापस बुलाया गया, जिससे घर का माहौल खुशियों से मातम में बदल गया।
परिवार के सदस्यों के अनुसार छोटी बहन सहित अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। पूर्व सरपंच ने बताया कि कार्तिक के पिता कैंसर से पीड़ित हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।
घटना की जानकारी फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे कार्तिक का अंतिम संस्कार किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में आ गया।



.jpg)

.jpg)

.jpg)

.jpg)

.jpg)