हमीरपुर, 07 मई
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कैथी में एक गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए जुटाई गई रकम चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना से पीड़ित परिवार गहरे आर्थिक संकट और मानसिक चिंता में है। पीड़ित ने गुरुवार को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम कैथी निवासी रफीक खां पुत्र अजीत खां ने बताया कि उसने अपनी बेटी के निकाह के लिए 1 लाख 23 हजार रुपये की जमा पूंजी इकट्ठा की थी। आरोप है कि 28 अप्रैल की रात करीब एक बजे मौदहा निवासी अलीमुहम्मद पुत्र खुदाबख्श और इमरान पुत्र मरहूम इकबाल घर में घुस आए और रखी गई नकदी चोरी कर ले गए।
घटना के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है और बेटी की शादी को लेकर चिंता और बढ़ गई है। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार चौकी और थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई है। आरोप है कि नामजद आरोपियों की जानकारी और साक्ष्य देने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही।
स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने से परेशान पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। उसने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












.jpg)
