नोएडा, 07 मई।
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक नाबालिग छात्रा सहित कुल पांच लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। सभी मामलों की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के होशियापुर गांव में 15 वर्षीय किशोरी मीनू पुत्री महेंद्र कुमार ने बीती रात अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि किशोरी ने नौवीं कक्षा पास की थी और वह दसवीं में अपने पसंदीदा स्कूल में दाखिला न मिल पाने के कारण परेशान थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कासना क्षेत्र में 32 वर्षीय विमल कुमार पुत्र लक्ष्मण प्रसाद, जो मूल रूप से अलीगढ़ के निवासी थे, ने भी अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे।
थाना बिसरख क्षेत्र के फ्यूजन होम सोसाइटी में रहने वाली नीतू मदान ने 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि महिला की शादी छह वर्ष पहले तरुण नामक व्यक्ति से हुई थी और वह सोसाइटी में पति के साथ रहती थीं, जबकि उनके ससुर अलग फ्लैट में रहते थे। महिला ने ससुर के फ्लैट से कूदकर जान दी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस कारणों की जांच कर रही है।
इसी तरह थाना बिसरख क्षेत्र के ही रोजा जलालपुर गांव में 20 वर्षीय पिंकी पुत्री मैनपाल ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के झट्टा गांव में 20 वर्षीय श्याम पुत्र रामकिशन ने लोहे की गाटर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार वह एक निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी का कार्य करता था और अपने परिवार के साथ रहता था। पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।












.jpg)
